भारत की अंडर-23 टीम ताजिकिस्तान के खिलाफ दोस्ताना मुकाबले में 2-3 से हारी

नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)।तुरसुंजोदा स्थित टेल्को एरीना में बुधवार को खेले गए एक अंतरराष्ट्रीय दोस्ताना फुटबॉल मुकाबले में भारत की अंडर-23 पुरुष फुटबॉल टीम को ताजिकिस्तान के हाथों 2-3 से हार का सामना करना पड़ा।

मोहन बागान सुपर जाइंट्स के फॉरवर्ड सुहैल अहमद भट ने 33वें मिनट में गोल कर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। यह गोल मैकार्टन की तेज रफ्तार से दाहिनी ओर से भेजी गई लो क्रॉस पर हुआ, जिसे सुहैल ने एक ही टच में गोल में तब्दील कर दिया। हालांकि, भारत को जल्द ही झटका लगा जब एफसी गोवा के मिडफील्डर आयुष देव छेत्री को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया गया। इसके बाद 59वें मिनट में मुसो खाखोरोव की क्रॉस पर अंसोर खबीबोव ने गोल कर ताजिकिस्तान को बराबरी दिला दी।

हालांकि, 85वें मिनट में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के फॉरवर्ड पार्थिब गोगोई ने मोहम्मद ऐमन के पास पर गोल करते हुए भारत को एक बार फिर से बढ़त दिलाई। ऐमन ने हाफलाइन के पास से इंटरसेप्शन किया और सटीक थ्रू बॉल पर पार्थिब ने गोलकीपर को चकमा देकर गेंद को नेट में डाला।

लेकिन भारत की खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। इंजरी टाइम में मेज़बान टीम ने दो सेट-पीस पर गोल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। पहले मुहम्मदइक़बोल ने अबूबाकर सुलेमोनोव की फ्री-किक पर गोल कर स्कोर 2-2 किया, फिर अज़ीज़बोएव ने कॉर्नर किक पर हेडर के जरिए विजयी गोल दागा।

ब्लू कोल्ट्स के लिए यह मैच सितंबर में होने वाले एफसी अंडर-23 एशियन कप 2026 क्वालिफायर्स की तैयारियों का हिस्सा है।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights