नीरज प्रजापति

तितावी क्षेत्र में देर रात भीषण भिड़ंत से मची अफरा-तफरी, बिहार के रहने वाले थे टेंपो सवार, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर शुरू की जांच।

मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र में हाईवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। अशोक लीलैंड ट्रक और सवारियों से भरे टेंपो की जोरदार भिड़ंत में आठ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई। हादसे में सात अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार 5 और 6 अक्टूबर की दरमियानी रात तितावी थाना क्षेत्र के हाईवे पर टेंपो में सवार लोग सफर कर रहे थे। इसी दौरान अशोक लीलैंड ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिसकर्मियों ने घायलों को दुर्घटनाग्रस्त टेंपो से बाहर निकलवाकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे में रघु पुत्र सुनते राम, ललिता देवी, जयदेवी, बृज गुप्ता, मुस्कान, शरणजीत, मनीष कुमार और सुनीता देवी पत्नी बिरजू गुप्ता घायल हुए। सभी के बिहार निवासी होने की जानकारी सामने आई है।
इलाज के दौरान सुनीता देवी की हालत बिगड़ गई और चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। अन्य सात घायलों का उपचार जारी है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए हादसे की परिस्थितियों की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के पीछे चालक की लापरवाही या तेज रफ्तार की क्या भूमिका रही। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights