मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। शासन द्वारा निर्गत आदेशों एवं निर्देशों के क्रम में मंगलवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक, परिक्षेत्र अभिषेक सिंह सहारनपुर ने परिक्षेत्र कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत को संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ लेते हुए उसका समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं को उनकी शिकायत के समाधान की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराया जाए, ताकि पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे। उन्होंने कहा कि शिकायतों के प्रभावी निस्तारण से आमजन का पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
