शिवभक्तों की कुशलक्षेम पूछी, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, बोले, भोले के भक्तों की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता

नीरज प्रजापति

मुजफ्फरनगर। सावन की पावन बेला में “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज रहे राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में उतर गई है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने बुधवार को खालापार, मंसूरपुर और खतौली थाना क्षेत्रों के बहलना कट, नावला कोठी, मंसूरपुर तथा खतौली कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने स्वयं शिवभक्त कांवड़ियों के बीच पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम पूछी और बाबा भोलेनाथ की कृपा से उनकी यात्रा मंगलमय होने की शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालुओं ने भी पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सुरक्षित यात्रा कराने के प्रयासों की प्रशंसा की।
एसपी सिटी ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न होने पाए। यात्रा मार्ग पर सुगम यातायात, मजबूत बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी और हर परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और सेवा भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कांवड़ मार्ग की सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के भी निर्देश दिए। साथ ही शिवभक्तों से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुसरण करने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर राजू कुमार साव, क्षेत्राधिकारी नई मंडी सुनील कुमार, क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राव, थाना प्रभारी खालापार बबलू कुमार, थाना प्रभारी मंसूरपुर विपिन त्यागी, थाना प्रभारी खतौली दिनेश चंद सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सावन की इस पावन यात्रा में मुजफ्फरनगर पुलिस का संदेश स्पष्ट है—”शिवभक्तों की सुरक्षा ही हमारी सर्वोच्च सेवा है।” बाबा भोलेनाथ के भक्तों की यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रहे, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव के साथ चौबीसों घंटे मुस्तैद है। हर-हर महादेव… बोल बम!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights