मुजफ्फरनगर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुकतीर्थ में चल रहे गंगा स्नान मेले और शहर के नुमाइश मैदान में लगाई गई खाने-पीने की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को निरीक्षण अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य) अर्चना धीरान के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य श्रद्धालुओं और आम जनता को मिलावट रहित व स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना था।अर्चना धीरान ने बताया कि मेले में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु व पर्यटक पहुंचते हैं, ऐसे में लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यदि किसी भी दुकान या स्टॉल पर लापरवाही पाई गई, तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने मेले और नुमाइश में लगे प्रमुख फूड स्टॉल्स पर बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और हाइजीन से संबंधित मानकों की बारीकी से जांच की। टीम ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे खाद्य सामग्री को ढककर रखें, बासी या खराब भोजन न बेचें, तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें।टीम ने मौके पर ही कुछ दुकानदारों को चेतावनी दी और उन्हें निर्देश दिया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की शिकायत या लापरवाही मिलने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से बताया गया कि यह अभियान मेले की अवधि तक निरंतर जारी रहेगा ताकि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को शुद्ध, स्वच्छ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights