driver-burnt-to-death-in-car

बाराबंकी, 10 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती टाटा टियागो कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई और जलकर राख हो गई।

जानकारी के मुताबिक, बाराबंकी के प्यारेपुर निवासी प्रदीप कुमार लखनऊ एयरपोर्ट से सवारियों को बाराबंकी छोड़कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे सफदरगंज थाना क्षेत्र में उसकी कार आग की चपेट में आ गई। रात का समय होने के कारण तत्काल किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। शनिवार सुबह करीब छह बजे राहगीरों की नजर जली हुई कार पर पड़ी तो हादसे का भयावह मंजर सामने आया।

मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि कार पूरी तरह जल चुकी थी और चालक की जली हुई हड्डियां सीट पर पड़ी थीं। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर मृतक की पहचान प्रदीप कुमार के रूप में की। बताया जा रहा है कि प्रदीप ने करीब चार महीने पहले ही सीएनजी कार खरीदी थी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने जांच के लिए कार में बची जली हुई हड्डियों और राख को एकत्र कर पैक किया। टीम साक्ष्यों की जांच के जरिए हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। इस दर्दनाक घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। थाना प्रभारी सफदरगंज अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights