ग्राम प्रधान से बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा कर पीड़ित ने खोला मोर्चा, बोला कि जमीन पर कब्जा कराने की दी जा रही धमकी।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। जमीन पर कब्जे के विवाद में जब पुलिस की भूमिका ही सवालों के घेरे में आ जाए तो मामला और गंभीर हो जाता है। रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव नगला रियावली में महज तीन बिस्वा जमीन को लेकर छिड़ी जंग अब पुलिस विभाग तक पहुंच गई है। पीड़ित ने गांव के चार लोगों पर जबरन जमीन कब्जाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है, वहीं थाने के हल्का दरोगा नरेश पर आरोपियों से सांठगांठ कर कब्जा कराने और विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। मंगलवार को मीडिया सेंटर पर प्रेस वार्ता कर पीड़ित ने कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग का दावा करते हुए पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। पीड़ित के मुताबिक, गांव नगला रियावली में खसरा संख्या 2069 में उसके और उसके भाई भूरा पुत्र दिलशाद के नाम कुल नौ बिस्वा जमीन दर्ज है। इसमें से छह बिस्वा जमीन का बैनामा 20 नवंबर 2016 को मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पांचली बुजुर्ग निवासी उम्मेद पुत्र यूसुफ के नाम किया जा चुका है। इसके बाद बची तीन बिस्वा जमीन पर उसका और उसके भाई का अधिकार एवं कब्जा है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि गांव के सैय्याद पुत्र रियासत और उसके तीन पुत्र सहरोज, अफरोज तथा महरोज की नजर इसी बची हुई जमीन पर है। आरोप है कि 23 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे उक्त लोगों ने जमीन पर नींव खोदकर कब्जा करने की कोशिश की। पीड़ित का दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम को हल्का दरोगा नरेश का कथित संरक्षण प्राप्त है। मामले में नया मोड़ तब आया जब पीड़ित ने ग्राम प्रधान गुलजार और हल्का दरोगा के बीच हुई कथित फोन वार्ता का दावा किया। पीड़ित के अनुसार, ग्राम प्रधान ने जमीन विवाद को लेकर दरोगा से बातचीत की थी, जिसमें दरोगा ने कथित रूप से खुद को पटवारी और लेखपाल तक बताते हुए जमीन पर कब्जा कराने की बात कही। इतना ही नहीं, पीड़ित का आरोप है कि उसके और उसके भाई के खिलाफ झूठी शिकायत लेकर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने प्रेस वार्ता में दावा किया कि उक्त बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग उसके मोबाइल में सुरक्षित है और उसने इसे पेनड्राइव में भी रखा है। उसका कहना है कि निष्पक्ष जांच होने पर यह रिकॉर्डिंग पूरे मामले की सच्चाई सामने ला सकती है। पीड़ित ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि जमीन के राजस्व अभिलेखों और बैनामे की जांच कराकर मौके की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। साथ ही दरोगा पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights