up-vns-dev-dipavli-tulsi-tree-tribution

वाराणसी, 24 नवम्बर । देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार को धर्म नगरी काशी में नई सुबह एक उम्मीद सामाजिक संस्था के सदस्यों ने करौंदी वार्ड में स्थित हनुमान मंदिर पर महिलाओं को तुलसी के पौधे दिए। तथा उपस्थित सभी लोगों को देव दीपावली के विषय में भी जागरूक किया गया।

संस्था की अध्यक्ष ममता ने बताया कि देव दीपावली अंधेरे पर उजाले की जीत का पर्व है, उसी प्रकार तुलसी का पौधा भी हर घर के अंधेरे, बीमारी और प्रदूषण को दूर कर उजाला फैलाता है। देव दीपावली हमें संदेश देती है कि एक छोटा सा दिया भी अंधेरे को हरा सकता है। उसी तरह एक छोटा सा तुलसी का पौधा भी हमारे जीवन, हमारे स्वास्थ्य और हमारे पर्यावरण का अंधेरा हटा सकता है। कहा कि त्रिपुरासुर को मार कर भगवान शिव ने पृथ्वी का उद्धार किया था और देवताओं ने खुशी में दीप जलाए थे। आज के समय में अशिक्षा, प्रदूषण और बीमारी ही हमारा अंधेरा है। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी संतारा देवी ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि तुलसी सिर्फ एक पौधा नहीं है, यह घर की रक्षक है। यह हवा शुद्ध करती है, घर को बीमारियों से बचाती है, और धार्मिक रूप से भी इसका विशेष महत्व है। देव दीपावली पर तुलसी के सामने दिया जलाने से घर में सुख-समृद्धि आती है।

11,000 दीपों की ज्योति और भव्य महाआरती से सेवाज्ञ संस्थानम् ने मनाई देव दीपावली

काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को अक्षुण्ण रखने और लोक आस्था के उत्सव को जनसहभागिता से भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए सेवाज्ञ संस्थानम्, काशी महानगर ने पहल की। संस्था ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर परिसर में देवदीपावली के पावन अवसर पर भव्य दीपोत्सव एवं महाआरती का आयोजन किया। इस अवसर पर लगभग 11,000 दीपों के प्रज्वलन से मंदिर परिसर दीपों की अलौकिक आभा से जगमगा उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

सेवाज्ञ संस्थानम् के स्वयंसेवकों, विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर इस पावन पर्व में सहभागिता की। संध्या बेला में बटुकों द्वारा पारंपरिक विधि-विधान से भव्य महाआरती संपन्न कराई गई। शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री विश्वनाथ से लोककल्याण एवं विश्वशांति की कामना की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ.हरेंद्र राय, सदस्य उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग , डॉ अशोक कुमार ज्योति, हिन्दी विभाग काशी हिन्दू विश्वविद्यालय सेवाज्ञ के राष्ट्रीय सचिव माधव कुमार सहित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के वरिष्ठ आचार्य भी मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights