उपकार बावरा बोले कि शिक्षा, रोजगार और महंगाई के मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे, चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाने का किया दावा।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित होने वाली आजाद समाज पार्टी की रैली को लेकर जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी की जिला कार्यकारिणी ने मुजफ्फरनगर से करीब 20 हजार लोगों को लखनऊ ले जाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया है। पार्टी ने इस रैली के जरिए शिक्षा, रोजगार, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी की है। मंगलवार को मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता उपकार बावरा ने रैली की तैयारियों और पार्टी की राजनीतिक रणनीति को लेकर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि पार्टी की लड़ाई किसी राजनीतिक दल या उसके नेताओं से नहीं, बल्कि उन लोगों से है जो राजनीतिक दलों की आड़ में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हैं और जनता के हितों की अनदेखी कर अपने स्वार्थ पूरे करते हैं। उपकार बावरा ने सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के चलते प्रदेश और देश में शिक्षा तथा रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता को रोजगार और शिक्षा के नाम पर आकर्षक योजनाओं के सपने दिखाए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति अलग है। लाखों युवा डिग्रियां लेकर रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें उनकी योग्यता के अनुरूप काम नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने और मदिरा को बढ़ावा दिए जाने जैसी नीतियों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। उनका कहना था कि जब शिक्षा और रोजगार ही युवाओं को उपलब्ध नहीं होंगे तो देश और प्रदेश का भविष्य कैसे मजबूत होगा। वहीं रजब अली मुरादपुरा जिला प्रवक्ता ने महंगाई को आम जनता के सामने बड़ी चुनौती बताते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आगामी राजनीतिक परिदृश्य का जिक्र करते हुए पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को लेकर कहा कि पार्टी उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि आजाद समाज पार्टी सत्ता में आने पर शिक्षा, रोजगार, महंगाई और विकास के मुद्दों पर अपनी नीतियों के जरिए बदलाव लाने का प्रयास करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 26 नवंबर की लखनऊ रैली को सफल बनाने के लिए गांव-गांव और क्षेत्र-क्षेत्र में जनसंपर्क तेज करने की अपील की। प्रेस वार्ता में उपकार बावरा, गौरव, अनुज कश्यप, मोहित, संजू, योगेश कुमार, सोमपाल, रजब अली, अश्वनी, अजय कुमार और पूर्ण सिंह बौद्ध सहित करीब दो दर्जन कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आजाद समाज पार्टी ने सौंपी नई जिम्मेदारियां, योगेश जैनिया बने जिला प्रभारी

अश्वनी केडिया को व्यापार मोर्चा नगर अध्यक्ष और अजय कालरा को नगर उपाध्यक्ष की कमान

मुजफ्फरनगर। आजाद समाज पार्टी ने संगठन को मजबूती देने और पार्टी की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला एवं नगर स्तर पर नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। संगठनात्मक विस्तार के तहत योगेश जैनिया को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं अश्वनी केडिया को व्यापार मोर्चा का नगर अध्यक्ष तथा अजय कालरा को व्यापार मोर्चा का नगर उपाध्यक्ष बनाया गया है। नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों ने चौथे स्तंभ मीडिया के समक्ष अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए संगठन के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और पूरी मेहनत से कार्य करने का संकल्प लिया। जिला प्रभारी योगेश जैनिया ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। संगठन की जिम्मेदारी का निर्वहन निस्वार्थ भाव से करते हुए पार्टी को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। वहीं व्यापार मोर्चा के नगर अध्यक्ष अश्वनी केडिया ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। पार्टी की नीतियों और विचारधारा को व्यापारियों तथा आम जनता तक पहुंचाने के साथ अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास करेंगे। नगर उपाध्यक्ष अजय कालरा ने भी शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह आजाद समाज पार्टी को अपना परिवार मानकर संगठन के विस्तार के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे। जन-जन तक पार्टी की पहुंच बनाने और नए लोगों को संगठन से जोड़ना उनकी प्राथमिकता होगी। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने एक स्वर में संगठन की मजबूती और शीर्ष नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights