नीरज प्रजापति 

रात के सन्नाटे में घर में घुसकर छेड़छाड़ का आरोप, विरोध पर महिला और भांजे को जान से मारने की धमकी देने का दावा।

थाने के बाहर भी दबाव बनाने का आरोप, एसएसपी से लगाई न्याय और सुरक्षा की गुहार।

मुजफ्फरनगर। आंखों में डर, चेहरे पर चिंता और दिल में इंसाफ की उम्मीद लेकर एक महिला शनिवार को मीडिया सेंटर पहुंची। पत्रकारों से वार्ता करते हुए महिला ने अपनी आपबीती सुनाई तो वह भावुक हो उठी। सिखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने गांव के ही एक युवक पर रात के समय घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर उसे व उसके 10 वर्षीय भांजे को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। महिला का कहना है कि घटना के बाद से वह दहशत में है और उसे अपने तथा परिवार की सुरक्षा की चिंता सता रही है।महिला के अनुसार, 25 सितंबर की रात करीब 12 बजे वह अपने घर में 10 वर्षीय भांजे के साथ सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का रहने वाला गुरदयाल पुत्र रविंद्र घर में घुस आया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और उसके साथ अश्लील हरकत व छेड़छाड़ करने लगा। पीड़िता ने बताया कि उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे और उसके भांजे को जान से मारने की धमकी दी। महिला ने मीडिया सेंटर में पत्रकारों को बताया कि आरोपी लगातार उसके साथ छेड़छाड़ करता रहा। खुद को बचाने के लिए उसने आरोपी के हाथ पर काट लिया। इसी दौरान उसका 10 वर्षीय भांजा भी जाग गया। भांजे के जागने पर आरोपी घबरा गया और वहां से भागने लगा। महिला का आरोप है कि जाते समय भी आरोपी उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता गया। घटना को याद करते हुए महिला ने बताया कि उस रात के बाद से वह बेहद डरी हुई है। उसे आशंका है कि आरोपी उसके और परिवार के साथ कोई अनहोनी कर सकता है। पीड़िता का आरोप है कि अगले दिन वह हिम्मत जुटाकर थाना सिखेड़ा में शिकायत करने के लिए निकली तो आरोपी ने उसका पीछा किया। महिला के अनुसार, आरोपी ने उसे धमकाते हुए कहा कि यदि उसने उसके खिलाफ तहरीर दी तो उसे जान से मार देगा। इसके बावजूद महिला ने थाना सिखेड़ा पहुंचकर शिकायत दी। महिला ने आरोप लगाया कि सिखेड़ा थाने से बाहर निकलने के बाद आरोपी गुरदयाल ग्राम प्रधान मनोज और कुछ अन्य लोगों के साथ उसे मिला। पीड़िता का दावा है कि उस पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया और कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए गए। महिला के मुताबिक, जब उसने अपने घर फोन करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन भी ले लिया गया। बाद में उसे वहां से भेज दिया गया और रास्ते में मोबाइल वापस दिया गया। महिला का कहना है कि वह इतनी भयभीत हो गई कि सीधे अपने घर चली गई। कई दिनों तक भय और चिंता में रहने के बाद महिला अपनी बहन और बेटे के साथ मुजफ्फरनगर पहुंची। मीडिया सेंटर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उसने अपनी पूरी पीड़ा सामने रखी और कहा कि उसे अब पुलिस से ही इंसाफ की उम्मीद है। इसके बाद महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही उसने अपने और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की गुहार लगाई। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही उनकी पुष्टि हो सकेगी। पीड़िता का कहना है कि वह किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहती, वह केवल अपने साथ हुई घटना में निष्पक्ष कार्रवाई और सुरक्षित जीवन चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights