up-2-accused-arrested-with-inj

शाहजहांपुर, 06 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में सदर बाजार थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक अपचारी किशोर को पुलिस अभिरक्षा में लिया, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के कब्जे से छीनी गई चेन के कुल 13 ग्राम हिस्से बरामद किए गए हैं।

क्षेत्राधिकारी नगर देवव्रत वाजपेयी ने मंगलवार को बताया कि सदर बाजार थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम को एनसीसी तिराहे के पास मऊ खालसा रोड से पीपल घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर दो अज्ञात व्यक्तियों ने श्रीप्रकाश नामक व्यक्ति से सोने की चेन छीन ली थी। मामले में सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की गई।

पुलिस ने तकनीकी माध्यम से एक बाल अपचारी किशोर की पहचान कर पांच-छह अक्टूबर की रात उसे अभिरक्षा में लिया। उसके कब्जे से चेन का छह ग्राम हिस्सा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपने साथी प्रेमपाल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया सूचना के आधार पर कैंट क्षेत्र के जंगल में कॉम्बिंग के दौरान प्रेमपाल ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से चेन का शेष सात ग्राम हिस्सा बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights