प्रयागराज, 05 जुलाई ।भारतीय एकता, राष्ट्रनिर्माण और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा देने की दिशा में प्रयागराज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि का साक्षी बनने जा रहा है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर 6 जुलाई 2026 को यमुना बैंक रोड स्थित कालीघाट (बोट क्लब) परिसर में नगर निगम प्रयागराज द्वारा स्थापित तीन महान विभूतियों की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। रविवार को महापौर गणेश केसरवानी एवं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा, प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के उपाध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पार्किंग, मंच व्यवस्था तथा आम नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
नगर निगम के अनुसार बोट क्लब परिसर को एक ‘प्रेरणा स्थल’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। तीन महान विभूतियों की प्रतिमाओं का अनावरण इस क्षेत्र को नई पहचान देने के साथ-साथ पर्यटन, सांस्कृतिक गतिविधियों और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे प्रयागराज के प्रमुख दर्शनीय स्थलों में एक और आकर्षण जुड़ने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम की सफलता को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक, प्रेरणादायी और जनभागीदारी से परिपूर्ण बन सके।
