नीरज प्रजापति

शिक्षाशास्त्र विषय में यूजीसी नेट क्वालीफाई कर हासिल की 98.63 परसेंटाइल, बीएड व एलएलबी में महाविद्यालय स्तर पर रह चुके हैं गोल्ड मेडलिस्ट

मुजफ्फरनगर। छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ-साथ शैक्षणिक क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छात्रसंघ संयुक्त सचिव अमन जैन ने शिक्षाशास्त्र (Education) विषय में यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा क्वालीफाई कर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित परीक्षा का परिणाम 28 अगस्त की देर रात घोषित किया गया, जिसमें अमन जैन ने 300 में से 218 अंक एवं 98.635 परसेंटाइल प्राप्त कर असिस्टेंट प्रोफेसर एवं पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्रता हासिल की। छात्रसंघ नेता अमन जैन ने बताया कि उन्होंने 23 जून 2026 को यूजीसी नेट की परीक्षा दी थी। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति में सक्रिय रहते हुए विद्यार्थियों के हितों एवं समस्याओं को लेकर निरंतर कार्य करने के साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई को भी प्राथमिकता दी। इसी निरंतरता का परिणाम है कि छात्र राजनीति के साथ-साथ उनका शैक्षणिक सफर भी उपलब्धियों से भरा रहा है। अमन जैन ने डीएवी इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट तथा डीएवी डिग्री कॉलेज, मुजफ्फरनगर से बीएससी, एमएससी (रसायन विज्ञान), बीएड एवं एलएलबी की शिक्षा प्रथम श्रेणी में प्राप्त की है। इसके पश्चात जे.वी. जैन कॉलेज, सहारनपुर से एमएड प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण किया। उन्होंने बीएड एवं एलएलबी में महाविद्यालय स्तर पर गोल्ड मेडल प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया है। छात्रसंघ नेता अमन जैन ने कहा कि “मेरी इस सफलता का श्रेय मेरे माता-पिता एवं मेरे सभी गुरुजनों को जाता है, जिनके सहयोग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद ने मुझे हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। छात्र राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए पढ़ाई के प्रति निरंतरता बनाए रखना मेरे लिए चुनौतीपूर्ण जरूर रहा, लेकिन लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता ने इसे संभव बनाया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि “सफलता के लिए सबसे जरूरी है कि विद्यार्थी स्वयं पर विश्वास रखें और अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदारी से निरंतर प्रयास करते रहें। परिस्थितियां कैसी भी हों, किसी की नकारात्मक बातों से प्रभावित हुए बिना अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें। मेहनत, धैर्य और निरंतरता के साथ किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता दिलाता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights