ब्रह्म प्रकाश शर्मा

भव्य कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, स्मारक निर्माण को लेकर क्षेत्रवासियों में दिखा उत्साह।

जानसठ। महर्षि कश्यप की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की दिशा में शनिवार को जानसठ क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया। पर्यटन विभाग द्वारा चिन्हित स्थल पर भगवान महर्षि कश्यप स्मारक के निर्माण के लिए भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग नरेंद्र कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया और स्मारक की नींव रखी।भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही क्षेत्रवासियों में उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा समाज के गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। भूमि पूजन के दौरान महर्षि कश्यप के जयकारों से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा। इस अवसर पर राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि महर्षि कश्यप भारतीय परंपरा और संस्कृति में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। उनके नाम पर स्मारक का निर्माण समाज और आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों, आदर्शों तथा योगदान से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्मारक आने वाले समय में क्षेत्र की पहचान को और मजबूत करने का कार्य करेगा।

स्मारक से जानसठ को मिलेगी नई पहचान

महर्षि कश्यप स्मारक के निर्माण को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है। लोगों का कहना है कि स्मारक बनने से महर्षि कश्यप की स्मृति को स्थायी रूप मिलेगा। साथ ही यह स्थल भविष्य में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियों का केंद्र भी बन सकता है। पर्यटन विभाग द्वारा स्थल का चयन किए जाने के बाद आज भूमि पूजन के साथ निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की औपचारिक शुरुआत हो गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भूमि पूजन को जानसठ के लिए ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि स्मारक का निर्माण क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देगा। भूमि पूजन के बाद अब क्षेत्रवासियों की निगाहें स्मारक के निर्माण कार्य के शीघ्र शुरू होने पर टिकी हैं। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत किया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights