bjp-pankaj-chaudhry-vijayadashami

लखनऊ, 19 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए सभी के सुख, समृद्धि, शांति एवं लोकमंगल की कामना की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयादशमी का पर्व सत्य, धर्म और सदाचार की विजय का शाश्वत संदेश देता है। आसुरी शक्तियों के विनाश तथा अधर्म, अनाचार और असत्य के अंत के साथ सत्य की सार्वभौमिकता मानव जीवन को सदाचरण, नैतिकता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम द्वारा अत्याचारी रावण का अंत हमें स्मरण कराता है कि अन्याय और अधर्म चाहे कितने ही शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है।

पंकज चौधरी ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में मंदिर को ध्वस्त करके हमारे धर्म, संस्कृति एवं आस्था को मिटाने का प्रयास किया था। लेकिन देश के करोड़ों जनमानस के अटूट संकल्प और निरंतर संघर्ष के परिणामस्वरूप श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण राष्ट्र की सदियों पुरानी अभिलाषा की पूर्ति तथा राष्ट्रीय स्वाभिमान की अभिव्यक्ति बना है। भव्य श्रीराम मंदिर ने पूरे विश्व को संदेश दिया है कि भारतीय संस्कृति, धर्म और आस्था की जड़ें इतनी गहरी हैं कि कोई भी शक्ति उन्हें मिटा नहीं सकती और न ही हमारी सांस्कृतिक चेतना को डिगा सकती है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयादशमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आत्ममंथन, सद्भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी अवसर है। यह पर्व हमें अपने भीतर विद्यमान अहंकार, द्वेष, अन्याय और नकारात्मकता जैसी बुराइयों का परित्याग कर सत्य, धर्म, नीति और नैतिकता को जीवन में आत्मसात करने का संदेश देता है। विजयादशमी हमें प्रेरित करती है कि हम अपने आचरण और व्यवहार में मर्यादा, सद्भाव एवं सकारात्मकता को स्थान दें तथा समाज में प्रेम, समरसता और सहयोग की भावना को मजबूत करें।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights