बाइक डिवाइडर से टकराई, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

– बारात से लौटते समय बबुरा ददरी ओवर ब्रिज पर हुआ हादसा

मीरजापुर, 6 जून (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के बरौंधा चौकी अंतर्गत बबुरा ददरी ओवर ब्रिज पर शुक्रवार सुबह करीब 10.45 बजे हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गए।

मृतक की पहचान हलिया थाना क्षेत्र के बरी गांव निवासी अजय उर्फ लाला (35) पुत्र जयंती के रूप में हुई है। उनके साथ बाइक पर सवार संजय उर्फ गोलू (20) पुत्र हीरामनी कोल, निवासी बरी गांव, गंभीर रूप से घायल हो गया।

दोनों युवक प्रयागराज जनपद के नेवढ़िया बयालिस स्थित अपने ससुराल से लौटकर लालगंज के नेवादा गांव में बारात में शामिल होने आए थे। वापस लौटते समय मीरजापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बबुरा ददरी ओवर ब्रिज पर यह हादसा हो गया।

सूचना मिलने पर बरौंधा चौकी प्रभारी हरिकेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अजय की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि घायल संजय को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज भेजा गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर मीरजापुर रेफर कर दिया।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights