नीरज प्रजापति

मुजफ्फरनगर में विद्युत विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी से मचा हड़कंप, मीटर की केबल में कट लगाकर धड़ल्ले से हो रही थी बिजली चोरी,
दो परिसरों में संदिग्ध मीटर मिलने पर विभाग ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

मुजफ्फरनगर। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में विद्युत विभाग ने बिजली चोरी के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को विद्युत नगरीय वितरण मंडल मुजफ्फरनगर की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन विद्युत चेकिंग अभियान चलाकर बिजली चोरी के मामलों का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान 11 उपभोक्ताओं को मीटर केबल में कट लगाकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया, जबकि दो परिसरों में मीटर संदिग्ध अवस्था में पाए गए। अभियान मुख्य अभियंता (वितरण) पीवीवीएनएल मुजफ्फरनगर क्षेत्र विनोद कुमार तथा अधीक्षण अभियंता विद्युत नगरीय वितरण मंडल मुजफ्फरनगर सुधीर कुमार अग्रवाल के निर्देशन एवं अधोहस्ताक्षरी के कुशल नेतृत्व में चलाया गया। विभागीय टीम में सहायक अभियंता (रेड) अक्षय कुमार सिंह, विद्युत नगरीय वितरण खंड वाणिज्य-2 के सहायक अभियंता दिलीप यादव, अवर अभियंता अखिलेश कुमार सरोज, प्रवर्तन दल प्रभारी अमित गोस्वामी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। टीम ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मिमलाना रोड के हाईलोस फीडर, शाहबुद्दीनपुर रोड क्षेत्र के लद्धावाला, रामलीला टिल्ला तथा महात्मा कॉलोनी में चेकिंग की। जांच के दौरान 11 उपभोक्ताओं द्वारा मीटर की केबल में कट लगाकर अवैध विद्युत उपयोग किया जाना पाया गया। इन मामलों में कुल 38 किलोवाट का विद्युत भार चोरी से इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा दो उपभोक्ताओं के परिसरों में लगे मीटर संदिग्ध अवस्था में पाए गए। विभाग ने सभी मामलों में विद्युत अधिनियम-2003 की सुसंगत धाराओं के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बिजली चोरी के आरोप में संबंधित 11 उपभोक्ताओं के विरुद्ध थाना एंटी पावर थेफ्ट में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली चोरी जैसे दंडनीय अपराध से बचें और केवल विधिवत एवं अधिकृत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी पकड़े जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights