बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में पढ़ाई कर रही 27 साल की विदेशी छात्रा की मौत से हड़कंप मच गया। यह छात्रा रोमानिया की रहने वाली थी और BHU में इंडियन फिलॉसफी (भारतीय दर्शन) में पीएचडी कर रही थी। छात्रा का नाम फिलिप फ्रांसिस्का था। वह चौक थाना क्षेत्र के गढ़वासी टोला इलाके में एक मकान में किराए पर अकेले रह रही थी।

कमरे में मृत पाई गई छात्रा, मकान मालिक ने दी सूचना
घटना बीते शुक्रवार देर रात की है। जब देर रात तक छात्रा के कमरे का दरवाजा नहीं खुला और वह बाहर नहीं निकली, तो मकान मालिक को शक हुआ। उसने तुरंत चौक थाने को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और डुप्लीकेट चाबी से दरवाजा खोला गया। कमरे के अंदर छात्रा अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

छात्रा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, मिर्गी की थी मरीज
पुलिस के अनुसार, छात्रा की मानसिक हालत पहले से ही ठीक नहीं थी और उसे बचपन से मिर्गी के दौरे पड़ते थे। हालांकि, मौके से कोई दवा या सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस को शक है कि स्वास्थ्य से जुड़ी वजहों से ही उसकी मौत हुई हो सकती है, लेकिन इस पर अंतिम फैसला पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही लिया जाएगा।

वीजा और दस्तावेज वैध, एम्बेसी को दी गई सूचना
छात्रा का पासपोर्ट और वीजा 2027 तक वैध था। वह इससे पहले सूरत और अमृतसर में भी पढ़ाई कर चुकी थी। वर्तमान में वह BHU में शोध छात्रा थी। उसके कमरे से मोबाइल फोन, पासपोर्ट, और वीजा को पुलिस ने जब्त कर लिया है। फील्ड यूनिट द्वारा कमरे से कुछ सैंपल भी लिए गए हैं। रोमानियाई एम्बेसी और BHU प्रशासन को इस घटना की जानकारी दे दी गई है। छात्रा के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई जारी
घटना की जांच दशाश्वमेध थाने के एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी की निगरानी में की जा रही है। उन्होंने बताया कि विदेशी छात्रा की मौत संदिग्ध है, लेकिन अभी तक कोई आपराधिक साक्ष्य नहीं मिले हैं। मिर्गी की बीमारी की जानकारी मिली है, लेकिन कमरे से दवा नहीं मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights