नीरज प्रजापति

भोपा पुलिस ने छह किलो वजनी प्रतिबंधित वन्यजीव अंग बरामद कर तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी पुलिस।

मुजफ्फरनगर। वन्यजीवों के अंगों की तस्करी करने वालों के खिलाफ चल रही कार्रवाई में भोपा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बरला-भोकरहेड़ी मार्ग पर रजवाहे की पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से बारहसिंघा हिरन के छह सींग बरामद हुए। बरामद सींगों का कुल वजन करीब छह किलोग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करोड़ों रुपये तक होने की बात सामने आई है। इतनी बड़ी बरामदगी के बाद वन्यजीव तस्करी से जुड़े नेटवर्क को लेकर भी जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक 7 अक्टूबर को भोपा पुलिस टीम बरला-भोकरहेड़ी मार्ग पर रजवाहे की पुलिया के निकट संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस को संदिग्ध दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली तो उसके पास से बारहसिंघा हिरन के छह सींग बरामद हो गए। प्रतिबंधित वन्यजीव अंग मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार पुत्र मन कुमार, निवासी ग्राम योगेन्द्रपुर, थाना भोपा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना भोपा में मुकदमा संख्या 260/2026 दर्ज किया है। आरोपी के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 की धारा 39, 40, 49, 49बी और 51 के तहत कार्रवाई की गई है।
छह सींगों की बरामदगी ने पुलिस के सामने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। आखिर बारहसिंघा के इतने सींग आरोपी तक कैसे पहुंचे और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था? पुलिस अब इन्हीं सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है। अधिकारियों के निर्देश पर गिरफ्तार आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी अकेले इस अवैध कारोबार में शामिल था या उसके पीछे वन्यजीव तस्करों का कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने पर उनके खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। बरामद वन्यजीव अंगों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सपन चौधरी, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार, कांस्टेबल रितिक, अरुण कुमार, प्रमोद कुमार और चेतन शर्मा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights