नीरज प्रजापति
अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारी, पांच दिन पहले शिकायत के बावजूद नहीं हुआ समाधान, चेयरमैन के नोटिस और कार्रवाई की चेतावनी भी बेअसर, बोले मांग पूरी होने तक नहीं उठेंगे।
भोकरहेड़ी। वेतन को लेकर भोकरहेड़ी नगर पंचायत में बुधवार को उस समय घमासान मच गया, जब वेतन नहीं मिलने से नाराज सफाई कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों के हड़ताल पर बैठते ही नगर की सफाई व्यवस्था पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। यदि हड़ताल लंबी चली तो गलियों, मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है।
सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें समय से वेतन नहीं मिल रहा है। इसी समस्या को लेकर कर्मचारियों ने करीब पांच दिन पहले नगर पंचायत को शिकायत देकर समाधान की मांग की थी, लेकिन इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखने के बाद भी उन्हें राहत नहीं मिली, जिसके चलते उन्हें मजबूर होकर हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब शिकायत के बाद नगर पंचायत की ओर से कर्मचारियों को नोटिस जारी कर हड़ताल से दूर रहने की चेतावनी दी गई। नोटिस में हड़ताल करने पर कार्रवाई की बात कही गई थी। इसके बावजूद कर्मचारी पीछे नहीं हटे और बुधवार को सभी सफाई कर्मचारी काम छोड़कर हड़ताल पर बैठ गए।
कर्मचारियों के इस कदम से नगर पंचायत प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह कर्मचारियों के भरोसे होने के कारण हड़ताल के चलते कूड़ा उठान और नियमित सफाई कार्य प्रभावित होने की आशंका है। पहले दिन ही लोगों की निगाहें नगर पंचायत की अगली कार्रवाई पर टिक गई हैं।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने साफ ऐलान किया कि जब तक वेतन संबंधी समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारियों का कहना है कि वे नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है।
