देर रात आवास के बाहर हंगामे पर परिवार ने रखी सफाई, विपक्ष पर माहौल बिगाड़ने का आरोप; निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र की ए-टू-ज़ेड कॉलोनी स्थित पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास के बाहर देर रात हुए हंगामे के बाद सोमवार को बालियान परिवार ने पहली बार खुलकर अपना पक्ष रखा। डॉ विवेक बालियान ने बयान जारी कर बताया कि मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) से स्वीकृत भवन का नक्शा सार्वजनिक करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि उनके आवास में कहीं भी अतिक्रमण पाया जाता है तो एमडीए बिना किसी दबाव के नियमानुसार कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि उनका परिवार कानून का सम्मान करता है और हर जांच में पूरा सहयोग देने के लिए तैयार है।
एक वार्ता में डॉ. विवेक बालियान ने कहा कि हाल के घटनाक्रम को लेकर जानबूझकर राजनीतिक माहौल बनाया जा रहा है। उनका आरोप था कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कुछ लोग देर रात करीब 12 बजे उनके आवास के बाहर पहुंचे, पटाखे फोड़े और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए माहौल खराब करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार है, लेकिन किसी के घर के बाहर जाकर अशांति फैलाना और परिवार को निशाना बनाना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है, जबकि सच्चाई सामने लाने के लिए उन्होंने स्वयं स्वीकृत नक्शा मीडिया के समक्ष रखा है। उन्होंने दोहराया कि यदि जांच में कोई भी निर्माण नियमों के विपरीत मिलता है तो प्रशासन अपनी कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र है।
पत्रकार वार्ता में मौजूद भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने भी देर रात हुए घटनाक्रम की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा विरोध राजनीतिक रूप से प्रेरित था और इसमें शामिल कई लोगों का संबंधित गली या कॉलोनी से कोई प्रत्यक्ष संबंध भी नहीं है। उन्होंने कहा कि हाल के समय में भाजपा से जुड़े जनप्रतिनिधियों और नेताओं को लगातार निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है। उनके अनुसार इससे पहले मंत्री कपिल देव अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी के साथ भी इसी प्रकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं और अब पूर्व मंत्री डॉ. संजीव बालियान को भी विवादों में घसीटने का प्रयास किया जा रहा है।
ए-टू-ज़ेड कॉलोनी के पदाधिकारियों ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक मुद्दे को लेकर रिहायशी क्षेत्र में देर रात जश्न मनाना, पटाखे छोड़ना और हंगामा करना कॉलोनी की शांति एवं सौहार्द के लिए उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाने की मांग की ताकि भविष्य में किसी भी आवासीय क्षेत्र का माहौल प्रभावित न हो।
मीटिंग के दौरान भाजपा नेताओं और कॉलोनी के पदाधिकारियों ने एक स्वर में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति कानून व्यवस्था भंग करने या माहौल खराब करने का दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। पत्रकार वार्ता में भाजपा नेता सलभ कौशिक, अभिषेक चौधरी तथा ए-टू-ज़ेड कॉलोनी के अध्यक्ष, महामंत्री एवं कार्यकारिणी के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
