up-auraiya-bjp-guru-ravi-das-jayanti-workshop

औरैया, 27 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर सोमवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के तहत जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने कार्यकर्ताओं को सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण का संकल्प दिलाया।

रामकिशोर साहू ने कहा कि संत गुरु रविदास ने अपने जीवनभर जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव का विरोध करते हुए मानवता, समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उनका प्रसिद्ध वचन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी समाज को सच्चे कर्म और निर्मल मन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला केवल आयोजन नहीं, बल्कि समरस समाज के निर्माण की दिशा में संकल्प का अवसर है।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी आनंद सिंह ने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर चलते हुए संत रविदास के समरस समाज के सपने को साकार करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज के वंचित, गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि समरसता केवल नारा नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार है। प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करते हुए सामाजिक भेदभाव समाप्त करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यशाला को क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य नीरज गौतम, पूर्व राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सिंह चौहान, श्रीकांत पाठक, श्रीराम मिश्रा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभी ने गुरु रविदास महाराज की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों को गांव-गांव एवं बूथ स्तर तक ले जाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री विशाल शुक्ला, मनु राजपूत, रजनीश पांडे, भूरे चौबे, योगेंद्र कैथवार, ऋषि पांडेय, इन्द्रपाल पाल, अमर चंद्र राठौर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights