कांवड़ मार्ग पर मुनाफाखोरी पर शिकंज
प्रतिष्ठानों पर चस्पा हुई रेट लिस्ट, तय मूल्य से अधिक वसूली करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को राहत देने और बाजार में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कांवड़ मार्ग पर स्थित होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों, चाय-पानी के स्टॉल और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर निर्धारित दरों की रेट लिस्ट चस्पा कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि रेट लिस्ट में अंकित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने वाले प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के निर्देशों के अनुसार सभी दुकानदारों को अपनी दुकान के बाहर रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करनी होगी, ताकि कांवड़ियों और आम उपभोक्ताओं को वस्तुओं के निर्धारित मूल्य की जानकारी आसानी से मिल सके। इसके साथ ही पैकिंग में उपलब्ध खाद्य सामग्री, पेय पदार्थ और अन्य उत्पाद अंकित एमआरपी (MRP) पर ही बेचे जाएंगे। निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।
कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के मुजफ्फरनगर से होकर गुजरने को देखते हुए प्रशासन किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग और उपभोक्ताओं के शोषण को लेकर पूरी तरह सतर्क है। संबंधित विभागों की टीमें लगातार कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर रही हैं और दुकानों पर प्रदर्शित रेट लिस्ट की जांच भी कर रही हैं। यदि किसी प्रतिष्ठान पर निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ जुर्माना, लाइसेंस संबंधी कार्रवाई सहित अन्य कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
प्रशासन ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे तय नियमों का पालन करें और कांवड़ियों के साथ उचित व्यवहार करते हुए निर्धारित दरों पर ही सामान उपलब्ध कराएं। वहीं श्रद्धालुओं से भी कहा गया है कि यदि कोई दुकानदार रेट लिस्ट से अधिक कीमत वसूलता है या एमआरपी से अधिक राशि मांगता है तो इसकी शिकायत तत्काल संबंधित अधिकारियों या कंट्रोल रूम में करें, ताकि दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
