नीरज प्रजापति

मकान विवाद और कथित ब्लैकमेलिंग को लेकर परिवार ने उठाए सवाल, बेटे करण का आरोप,न्याय मांगने पर अब परिवार को जान से मारने की धमकियां।

मुजफ्फरनगर। बादल ठाकुर की मौत के मामले में पांच दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों का आक्रोश बढ़ गया है। न्याय की मांग को लेकर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मृतक के बेटे करण और परिवार के अन्य सदस्य एसएसपी कार्यालय पहुंचे। परिजनों ने पुलिस के समक्ष अपनी शिकायत रखते हुए आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद मुख्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। परिवार ने अब खुद को जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई है। मृतक के बेटे करण के मुताबिक, उनके परिवार ने सनी वर्मा से एक मकान खरीदा था और उसकी पूरी रकम चुका दी थी। इसके बावजूद आरोप है कि सनी वर्मा और उसके साथी उनके पिता बादल ठाकुर को लगातार ब्लैकमेल कर रहे थे और उन पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों का दावा है कि इसी कथित प्रताड़ना से परेशान होकर बादल ठाकुर ने आत्महत्या कर ली। परिवार का कहना है कि घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया, लेकिन पांच दिन बीतने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है। इसी नाराजगी के चलते परिजनों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी बात अधिकारियों के सामने रखी। करण ने एक ऐसे व्यक्ति पर भी आरोप लगाए, जिसे परिवार कथित फर्जी पत्रकार बता रहा है। उनका आरोप है कि उक्त व्यक्ति दुकान पर पहुंचकर पैसे मांगता था और रकम नहीं देने पर झूठी खबरें चलाने की धमकी देता था। परिवार का कहना है कि इस तरह की कथित धमकियों और दबाव के कारण उनके पिता मानसिक रूप से परेशान थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि अब उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। ऐसे में उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई, आरोपों की निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights