मनीष अग्रवाल

सहारनपुर। भारतीय सेना में शामिल होकर देशसेवा करने का सपना लिए बिजनौर जिले की नजीबाबाद, बिजनौर और धामपुर तहसीलों के युवाओं ने अग्निवीर भर्ती रैली में पूरे जोश और उत्साह के साथ अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। ARO मेरठ के अंतर्गत डॉ. भीमराव आंबेडकर ग्राउंड, सहारनपुर में 17 अगस्त से 09 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही अग्निवीर भर्ती रैली में आज बिजनौर जिले के इन तीनों तहसीलों के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया आयोजित हुई। आज की भर्ती के लिए कुल 1,250 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 1,115 अभ्यर्थी रनिंग के लिए मैदान में पहुंचे। कड़ी मेहनत, अनुशासन और शानदार शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए 880 अभ्यर्थियों ने रनिंग सफलतापूर्वक पास कर ली।सुबह से ही भर्ती मैदान में युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। सेना की वर्दी पहनकर देश की सेवा करने का सपना लिए अभ्यर्थियों ने पूरी ताकत के साथ दौड़ लगाई। दौड़ के दौरान मैदान भारत माता की जय और जय हिन्द के नारों से गूंजता रहा। रनिंग में सफलता हासिल करने वाले 880 युवाओं के लिए यह उपलब्धि उनके सेना में शामिल होने के सपने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन युवाओं ने अपने प्रदर्शन से साबित किया कि मेहनत, हौसले और देशसेवा के जुनून के सामने कोई चुनौती बड़ी नहीं होती। बिजनौर के युवाओं का यह शानदार प्रदर्शन न केवल उनके परिवारों और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है, बल्कि उन हजारों युवाओं के लिए भी प्रेरणा है जो भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्रसेवा करने का सपना देखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights