कानपुर, 17 मई । बढ़ती बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और रद्द हो रही प्रतियोगी परीक्षाओं से युवा परेशान हैं। कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज बनकर उनके अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। यह बातें रविवार को एआईसीसी सदस्य और कार्यक्रम संयोजक विकास अवस्थी ने युवा अधिकार पंचायत के दौरान कही।
गोविंद नगर क्षेत्र में महानगर कांग्रेस द्वारा “युवा अधिकार पंचायत” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ, जबकि एआईसीसी सदस्य एवं किदवई नगर कोऑर्डिनेटर विकास अवस्थी ने संयोजन और संचालन किया।
कार्यक्रम संयोजक विकास अवस्थी ने बताया कि वर्तमान सरकार की नीतियों से नाराज होकर 219 युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। ढोल-नगाड़ों और कांग्रेस समर्थक नारों के बीच बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास जताते हुए संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम स्थल पर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान एनएसयूआई अध्यक्ष मोहित सविता, प्रभाकर पाण्डेय, अनुराग पाल और ऋषि तिवारी ने भी युवाओं की समस्याओं और मौजूदा परिस्थितियों पर अपने विचार रखे।
अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि युवाओं के एकजुट होने का समय आ गया है। जब-जब देश का युवा आंदोलित हुआ है, तब-तब परिवर्तन हुआ है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए विकास अवस्थी की सराहना भी की।
इस दाैरान जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक व संचालक विकास अवस्थी, जेपी पाल, जफर शाकिर मुन्ना, कमलाकांत तिवारी, राजेश खन्ना आदि मौजूद रहे।
