uk-october-5-anita-residen

पौड़ी गढ़वाल, 08 अक्टूबर ।कोटद्वार के बालासौड़ में घर से करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी के आरोप में महिला के बेटे दीपांशु राजपूत को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने चोरी किए गए 10.50 तोला सोने के आभूषण और 891 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

पांच अक्तूबर को बालासौड़ निवासी अनीता ने कोतवाली कोटद्वार में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति उनके घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में एएसपी कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और सीओ कोटद्वार अस्मिता मंमगाई के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।

टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि घर से जेवर चोरी करने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि वादिनी का बेटा दीपांशु राजपूत ही था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपित की लोकेशन राजस्थान में ट्रेस की।

इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान के जयपुर स्थित झालूपुरा पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए 10.50 तोला सोने के आभूषण और 891 ग्राम चांदी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि अपनी खर्च करने की आदतों, व्यक्तिगत जरूरतों और शौक पूरे करने के लिए उसने अपनी ही मां के जेवर चोरी किए थे।

वारदात के बाद वह चोरी किए गए आभूषण लेकर घर से फरार होकर राजस्थान चला गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है, जहां से उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपांशु राजपूत निवासी बालासौड़, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights