नीरज प्रजापति

प्लेटिनम हॉल मैदान में जनपद स्तरीय सम्मेलन की तैयारियां तेज, जयंत चौधरी की मौजूदगी में जनता तक पहुंचेगा सरकार की योजनाओं और विकास का संदेश

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोक दल की ओर से आगामी 20 सितंबर को पचेंडा रोड स्थित प्लेटिनम हॉल के मैदान में भव्य सामाजिक समरसता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जनपद स्तरीय इस सम्मेलन में जिलेभर से लाखों लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। सम्मेलन को लेकर रालोद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह है। कार्यक्रम में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की मौजूदगी इसे और महत्वपूर्ण बनाएगी।
सम्मेलन की जानकारी शुक्रवार को सरकुलर रोड स्थित रालोद कार्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई। भारत सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, बिजनौर सांसद चंदन सिंह चौहान सहित रालोद के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए 20 सितंबर के आयोजन की रूपरेखा साझा की। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि 20 सितंबर का सामाजिक समरसता सम्मेलन कोई सामान्य राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि इसका उद्देश्य समाज में समरसता, आपसी भाईचारे और विकास के संदेश को मजबूती देना है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे और रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की मौजूदगी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की एनडीए सरकार द्वारा जनता के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ भविष्य में शुरू होने वाली योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी भी सीधे जनता तक पहुंचाना जरूरी है। सामाजिक समरसता सम्मेलन इसी उद्देश्य की दिशा में एक बड़ा मंच बनेगा।
कैबिनेट मंत्री ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष एनडीए सरकार को बदनाम करने के लिए लगातार नए-नए मुद्दे तलाश रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान विकास, जनकल्याण और जनता के जीवन को बेहतर बनाने पर केंद्रित है, जबकि विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए विभिन्न मुद्दों को तूल देने में लगा हुआ है।
अनिल कुमार ने कहा कि कभी सहारनपुर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण को राजनीतिक मुद्दा बनाकर माहौल खराब करने का प्रयास किया जाता है तो कभी पोस्टर और अन्य मुद्दों के जरिए सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ऐसी राजनीति में उलझने के बजाय विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
संविधान को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी उन्होंने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष बार-बार यह आरोप लगाता है कि एनडीए सरकार संविधान बदलने का प्रयास कर रही है, जबकि सरकार संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए रास्ते पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने लंबे संघर्ष के बाद वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज को मजबूती दी थी और एनडीए सरकार भी जनता के हितों तथा बेहतर भविष्य के लिए निरंतर काम कर रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनिल कुमार कैबिनेट मंत्री भारत सरकार, बिजनौर सांसद चंदन सिंह चौहान, विधायक राजपाल बालियान, रालोद के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर, पूर्व मंत्री योगराज, पूर्व विधायक नूर सलीम राणा, तरसपाल मलिक, रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक, रालोद के वरिष्ठ नेता अजीत सिंह सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights