मनीष अग्रवाल
सहारनपुर । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में दिनांक 09, 10. एवं 11 सितम्बर को पैटी ऑफेन्स की विशेष लोक अदालत एवं दिनांक 12.09.2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन सहारनपुर एवं जनपद की समस्त तहसीलों में किया जा रहा है। इस सम्बन्ध आज मंगलवार को जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय देवेन्द्र सिंह, अपर जिला जज विकास गुप्ता, बार एसोसियेशन के अध्यक्ष राहुल त्यागी एवं सचिव पालम राणा ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहन को रवाना किया। अपर जिला जज एवं अपर जिला जज / नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत विकास गुप्ता एवं अपर जिला जज / सहायक नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत श्रेय शुक्ला, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जज / सि०जज (सी०डि०) आशुतोप तिवारी ने बताया कि यह प्रचार वैन सहारनपुर के सभी गांवों तहसीलों, पंचायतों एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में (Remote Area) में दिनांक 08.09.2026 एवं 09.09.2026 तक आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सम्बन्ध में एवं विभिन्न कानूनों के बारे में जनता को जागरूक करेगी। इस जागरूकता व प्रचार प्रसार के कार्य में पी०एल०वी० को नामित किया गया है। निसन्देह इसके अच्छे परिणाम राष्ट्रीय लोक अदालत के समय देखने को मिलेगें। वही जनपद न्यायाधीश महोदय सतेन्द्र कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम के वाद, वैवाहिक वाद (तलाक के प्रकरण को छोडकर) लघु शमनीय वाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम के वाद, एनआईएक्ट के वाद, दीवानी वाद, विधुत अधिनियम के वाद, एमवीएक्ट व ट्रेफिक ई-चालान के वाद, भूराजस्व के वाद, (केवल जनपद न्यायालय में लम्बित) बैंको के लोन सम्बन्धित विवाद, प्रशासन के वाद आपसी सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित किये जायेगे। राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन का मकसद आपसी विवादों को सुलह समझौते के आधार पर निपटाना है, जिसमें दोनो पक्षों की जीत होती है। निस्तारित वाद की कोई अपील नही होती तथा अदा की गयी कोर्टफीस वापिस हो जाती है। अतः सभी विद्वान अधिवक्तागण, वादकारीगण एवं समस्त हितधारको से मेरी अपील है कि इस महत्वपूर्ण कार्य में सहभागी बने और अधिक से अधिक वाद निस्तारित करायें, ताकि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन को सफल बनाया जा सके।
इस अवसर पर समस्त न्यायिक अधिकारीगण, विद्वान अधिवक्तागण एवं दीवानी कचहरी स्टाफ उपस्थित रहें। पूर्ण प्रशासन का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
