खतौली। नगर के गली घंटाघर स्थित श्री कृष्ण संकीर्तन मंडल (गीता भवन) में आयोजित श्याम बाबा के मासिक संकीर्तन में इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्वर्ण चोल वाले बाबा का स्वरूप स्थापित होने के बाद से प्रत्येक कृष्ण पक्ष की एकादशी पर आयोजित होने वाला यह संकीर्तन लगातार भव्य रूप लेता जा रहा है। वरुथिनी एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित संकीर्तन में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर के प्रधान मनोज अग्रवाल और कुलदीप शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया, जबकि पंकज भटनागर ने बाबा की ज्योत प्रज्वलित कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दीपक रहेजा की गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद भजन गायक अंकुर कुमार ने बालाजी के भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शामली से आई भजन गायिका रश्मि पांचाल ने जैसे ही श्याम बाबा के भजन प्रस्तुत किए, पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब गया। श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते और नृत्य करते नजर आए। आशु प्रणामी ने मोर छड़ी का भजन सुनाया, जबकि मोर छड़ी की सेवा शुभम अग्रवाल ने निभाई।

शिवम शर्मा म्यूजिकल ग्रुप ने अपने सुमधुर वाद्य यंत्रों से संकीर्तन को और भी भव्य बना दिया। वहीं, संगीत साउंड सर्विस द्वारा उत्कृष्ट ध्वनि व्यवस्था ने कार्यक्रम को चार चांद लगा दिए। इस दौरान मंत्री मुकेश अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, संजय गोस्वामी, अरुण सोनी, प्रभात कुमार, दीनदयाल शर्मा, संजय सनातन, अंकुर अग्रवाल, जोगिंदर सैनी, राकेश कुमार, सुशील शर्मा, मुकेश तायल, विक्की वर्मा, विनोद शर्मा, चिराग जैन, मिंटू भटनागर, विनीत भटनागर, रुद्र प्रताप भटनागर, विराट भटनागर, विशाल गोयल, आशुतोष गोयल, विनोद वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं महिला भक्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक दीपक गोयल ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे ही आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
