*माँ शाकुंभरी विश्वविद्यालय में गुजरात स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में चलाया स्वच्छता अभियान*
सहारनपुर / माँ शाकुंभरी विश्वविद्यालय में गुजरात स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न सामाजिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आज प्रातः 8:30 बजे जय भारत इंटर कॉलेज, पुंवारका (सहारनपुर) में विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, टीबी किट वितरण तथा जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को सचेत करना तथा स्वास्थ्य सुरक्षा को सुदृढ़ करना रहा। इस अवसर पर लगभग 15 टीबी किटों का वितरण किया गया, जिससे जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई जा सके। टीबी किट वितरण कार्यक्रम के दौरान कुलसचिव श्री कमल कृष्ण, परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार, वित्त नियंत्रक सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी, डॉ. सर्वेश- एसटीएस नोमान, संजय कुमार, प्रधानाचार्य – जय भारत इंटर कॉलेज सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
इस अवसर पर गांव में एक जागरूकता पदयात्रा भी निकाली गई, जिसके माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े संदेश ग्रामीणों तक पहुंचाए गए। साथ ही “स्वच्छ अभियान” के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई कार्य किया गया, जिससे लोगों को स्वच्छ वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया जा सके। कुलपति प्रो. विमला वाई. ने अपने संदेश में कहा कि “इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल सामाजिक जिम्मेदारी के निर्वहन का माध्यम हैं, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा भाव, सामाजिक चेतना एवं जागरूक नागरिक बनने की भावना को भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है तथा ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं । कार्यक्रम में डॉ. विनोद कुमार, डॉ. आर.के. गुप्ता, डॉ. विजय प्रताप, डॉ. अपूर्वा, डॉ. हर्ष, डॉ. संदीप, डॉ. मितिका, सीईओ अभिनव पुंडीर, मानव, शिवम एवं सन्नी गिरी सहित अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
