बेहट (मनीष अग्रवाल) । जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बेहट तहसील क्षेत्र में देर रात बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर उप जिलाधिकारी बेहट सुबोध कुमार, क्षेत्राधिकारी बेहट शशि प्रकाश शर्मा और खनन निरीक्षक की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया।
16 नवंबर की रात और 17 नवंबर की सुबह करीब चार बजे तक चली कार्रवाई के दौरान अवैध खनन एवं खनिज परिवहन में संलिप्त चार वाहनों, एक जेसीबी मशीन और एक ओवरलोड डंपर को पकड़ा गया।
जांच के दौरान कई वाहनों के पास खनिज परिवहन से संबंधित वैध प्रपत्र नहीं मिले। टीम ने वाहनों को रोककर जांच की और अवैध खनन में प्रयुक्त मशीनों को भी कब्जे में लिया। पकड़े गए सभी वाहनों और उनमें लदी खनिज सामग्री को अग्रिम नियमानुसार कार्रवाई के लिए पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
उप जिलाधिकारी बेहट सुबोध कुमार ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्थिति में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं होगा।
