मणिपुर के इंफाल पूर्व जिले में सुरक्षा बलों ने जबरन वसूली की गतिविधियों में कथित संलिप्तता के आरोप में प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (अपुनबा) के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक बयान के अनुसार, प्रतिबंधित संगठन के एक सदस्य को मंगलवार को पुंडोंगबाम मखा लेइकाई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

उसी दिन लामलाई पुलिस थाने के अंतर्गत चाना मायाई लेइकाई इलाके में स्थित एक आवास से एक अन्य कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा, “राज्य में जबरन वसूली और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए खुफिया जानकारी के आधार पर व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान, घेराबंदी और खोज अभियान जारी है।” इसी बीच सुरक्षा बलों ने मंगलवार को तेंगनौपाल जिले के सैवोम रिज के वन क्षेत्र से हथियारों, गोला-बारूद और आईईडी का जखीरा बरामद किया।

पुलिस ने बताया, “नौ मिमी की चार पिस्तौल, 12 आईईडी, कपड़े और वर्दी, जिनमें दो लड़ाकू जैकेट और एक टोपी शामिल हैं, बरामद किए गए। आईईडी को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।” दो साल पहले जातीय हिंसा भड़कने के बाद से सुरक्षा बल का मणिपुर में तलाशी अभियान जारी है। मई 2023 से मेइती और कुकी-ज़ो समूहों के बीच जातीय संघर्ष में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights