कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने बिहार के सासाराम में रोड शो किया। इस दौरान उनकी जीप को राजद के नेता तेजस्वी यादव ड्राइव करते नजर आए, जबकि पीछे लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार मौजूद थीं।

राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दूसरे चरण के तहत गुरुवार को बिहार पहुंचे। शुक्रवार को उनकी यात्रा सासाराम से शुरू हुई। गांधी नेे गुरुवार को औरंगाबाद में एक रैली को संबोधित किया था।

शुक्रवार को राहुल ने सासाराम में रोड शो किया, इसमें उनके साथ बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी शामिल रहे। तेजस्वी यादव और राहुल गांधी एक गाड़ी में सवार होकर रोड शो में निकले। तेजस्वी जीप की स्टेरिंग संभाले थे, जबकि बगल वाली सीट पर राहुल गांधी बैठे थे।

इस दौरान बड़ी संख्या में सड़क के दोनों ओर लोग खड़े थे और दोनो नेताओं का स्वागत कर रहे थे। राहुल ने भी सभी लोगों का हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। राहुल गांधी शुक्रवार की सुबह किसानों की चौपाल में भी शामिल हुए।

चेनारी थाना क्षेत्र के सासाराम-बनारस हाईवे के किनारे टेकारी गांव में इस चौपाल का आयोजन किया गया। यहां राहुल और तेजस्वी ने किसानों और युवाओं से बातचीत की और समस्याओं को जाना।

राहुल अपनी यात्रा के दौरान शुक्रवार को कैमूर में एक रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली में तेजस्वी भी राहुल के साथ मंच साझा करेंगे। इसके बाद गांधी की यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights