मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बाननगर में ग्रामीणों ने डिवाइडर में कट न दिए जाने से नाराज होकर हाईवे जाम कर दिया। ग्रामीण बीच हाईवे जाम कर धरना देकर बैठ गए। नाराजगी जताई कि जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों तक गुहार लगाई गई, लेकिन 2 साल बाद भी डिवाइडर में कट नहीं दिया गया, जिससे ग्रामीणों को सड़क के आरपार जाने में दिक्कत हो रही है। पीनना बाईपास के माध्यम से रामपुर तिराहा तक सड़क निकाली गई है। हाईवे फोरलेन सड़क गांव पीनना से लेकर बाननगर को होते हुए रामपुर तिराहा क्षेत्र को आपस में जोड़ रही है। करोड़ों रुपए की लागत से तैयार हुए फोरलेन हाईवे पर गांव बाननगर के सामने डिवाइडर में कट नहीं दिया गया है। डिवाइडर में कट देने की मांग को लेकर गांव बाननगर और आसपास के लोग दो वर्ष से आंदोलन कर रहे हैं। ग्रामीण सुंदर ने बताया कि हाईवे में कट न दिए जाने की मांग को लेकर सभी जनप्रतिनिधियों से गांव वाले गुहार लगा चुके हैं। हाईवे अथॉरिटी से जुड़े अधिकारियों को भी कई प्रार्थना पत्र दिए गए। लेकिन समस्या का हल नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि रविवार को परेशान ग्रामीणों ने हाईवे पर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि उनकी मांग है कि गांव बाननगर के सामने हाईवे में कट दे दिया जाए, जिससे गांववासी अपने कृषि यंत्रों को लेकर इधर से उधर जा सके। गांववालों का कहना है कि उनकी जमीन हाईवे के पार हैं। कृषि यंत्र और खेती किसानी का सामान लेकर खेतों पर जाने का प्रयास करते हैं, तो हाईवे होने के कारण उन्हें समस्या होती है। मांग की गई कि तुरंत ही हाईवे के बीच डिवाइडर में कट दे, जिससे ग्रामीणों की समस्या का समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights