झारखंड के गुमला जिले में दो अलग-अलग हादसों में कुएं में डूबने से दो वृद्ध लोगों की मौत हो गई। एक घटना शादी समारोह से लौटते समय हुई, जबकि दूसरी घटना पानी भरने के दौरान हुई। दोनों मामलों में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शादी से लौट रहे वृद्ध की कुएं में गिरकर मौत

गुमला सदर थाना क्षेत्र के खोरा भकुवाटोली गांव निवासी 65 वर्षीय बुधवा उरांव की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। मृतक के भाई समीर कुजूर ने बताया कि गांव में एक शादी समारोह था, जिसमें बुधवा उरांव शामिल होने गए थे। समारोह के बाद वे घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका पता नहीं चला। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। एएसआई नंदू प्रसाद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पानी भरने गई महिला की डूबने से मौत

दूसरी घटना गुमला सदर थाना क्षेत्र के जोराग गांव की है। यहां 50 वर्षीय बिरसमुनी देवी की कुएं में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब छह बजे वह बारी स्थित कुएं से पानी भरने गई थीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे कुएं में गिर गईं। गांव की एक बच्ची ने उन्हें गिरते हुए देखा और तुरंत उनके पति गंदुर उरांव को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास कर महिला को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। गुरुवार सुबह पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights