दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में एक शख्स ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर जान ले ली. आरोप है कि सुरेश नाम के इस शख्स ने गैस सिलेंडर से पत्नी पूनम के सिर और रीढ़ की हड्डी पर बार-बार हमला किया, जिसके बाद बुरी तरह घायल महिला ने दम तोड़ दिया. पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और आगे की जांच में जुटी है.
घटनास्थल पर मौजूद एक पड़ोसी ने जानकारी दी कि दंपती DDA आवास में रहता था. उनकी डेढ़ साल की मासूम बच्ची है. उन्हें यहां आए हुए एक ही महीना हुआ था. बताया जा रहा है कि सुरेश अपनी पत्नी पूनम पर शक करता था. इसके चलते उसने पत्नी को मार दिया.
मामला रविवार, 29 मार्च की रात करीब 9.30 बजे का है. पड़ोसी ने बताया कि सुरेश ने पूनम के सिर पर सिलेंडर ही सिलेंडर मारे. उसके हाथ तोड़ दिए, सिर और रीढ़ की हड्डी पर वार किया. उनके बीच में कोई झगड़ा हुआ था या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन दोनों पति-पत्नी में विवाद बना रहता था.
बच्ची अभी पड़ोसियों के पास
पड़ोसियों ने जानकारी दी कि 9.30 बजे यह वारदात सामने आने के बाद तुरंत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सुरेश को अपने साथ ले गई. पूनम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. बच्ची अभी पड़ोसियों के पास ही है. उसे किसी को हैंडओवर करना है, उसके रिश्तेदारों का इंतजार किया जा रहा है. सुरेश के किसी दोस्त को बुलाया गया है.
Delhi: A neighbor says, “A husband killed his wife, who has an 18-month-old child. They were living in DDA housing for a month, and the husband allegedly committed the murder out of suspicion….” pic.twitter.com/1RXqBmubot
— IANS (@ians_india) March 30, 2026
पूनम का शव जमीन पर, आरोपी सुरेश की गोद में थी बेटी
एक अन्य बुजुर्ग पड़ोसी ने जानकारी दी कि उन्हें रात में महिला के चीखने की तेज आवाज आई. वह चिल्ला रही थी बचा लो बचा लो… हम लोग नीचे यह देखने आए कि कहां झगड़ा हो रहा है, तो पता चला कि पहली मंजिल के घर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही हैं. हम दोबारा गए तो दरवाजे की कुंडी लगी हुई थी. धक्का मारा लेकिन कुंडी खुली नहीं. हमने मकान मालिक को बुलाया, उन्होंने दरवाजा खोला. जब हम लोग अंदर पहुंचे तो महिला की लाश पड़ी थी. उसके बगल में सिलेंडर पड़ा हुआ था.
आरोपी पति वहीं मौजूद था और उसकी गोद में बच्ची थी. थोड़ी देर में पुलिस पहुंची और सुरेश को ले गई. महिला के शव को भी साथ ले गई. पड़ोसी का कहना है कि उन्होंने कभी दंपती के बीच में लड़ाई होते नहीं सुनी थी. यह पहली बार था जब उनके घर से चीखने की आवाज आई.
