उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिये अभियान शुरू करते हुए राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग संविधान बदलने के लिए 400 सीटें जीतने की बात कर रहे थे, वे भले ही हार गए हों, लेकिन जब तक भाजपा सत्ता में है, तब तक इसका खतरा बना रहेगा। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ”संविधान खतरे में है और तब तक रहेगा जब तक भाजपा है। जब तक भाजपा की सरकार है तब तक संविधान खतरे में है। भाजपा को भीमराव अंबेडकर के संविधान पर भरोसा नहीं है।”

‘भूमि अधिग्रहण के लिए किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा’
सपा प्रमुख ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने हमें एक ऐसा हथियार दिया है जो लोहे की तलवार से भी मजबूत है। नोएडा के दादरी में एक रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश ने एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के दौरान सपा पर लगाये गये आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा उद्घाटन किए गए कई हवाई अड्डे अभी तक चालू नहीं हैं। उन्होंने कहा, ”पहले भी इन्होंने हवाई अड्डों का उद्घाटन किया था, लेकिन सात में से छह अब तक चालू नहीं हैं।” साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर भूमि अधिग्रहण के लिए किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।

‘हम नोएडा नहीं आते…’
इससे एक दिन पहले जेवर में हवाई अड्डे का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा था। मोदी ने आरोप लगाया था कि अपने कार्यकाल में सपा ने नोएडा को “लूट का एटीएम” बना दिया था। साथ ही उन्होंने विपक्षी नेताओं पर “अंधविश्वास” के कारण गौतमबुद्ध नगर आने से बचने का तंज भी कसा था। सपा प्रमुख ने रविवार को कहा, “कल कहा गया कि हम नोएडा नहीं आते। मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि मैंने यहां अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के घर उतनी बार दौरा किया है, जितनी बार उन दोनों ने मिलकर चाय नहीं पी होगी।”

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights