मुजफ्फरनगर। शासन द्वारा निर्गत आदेशों-निर्देशों के अनुपालन में जनपद पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आम जनता की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।


जनसुनवाई के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायतों के निस्तारण में देरी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई की जाए, जिससे जनता का विश्वास पुलिस व्यवस्था पर और मजबूत हो सके। विशेष रूप से महिला अपराधों से जुड़ी शिकायतों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और संवेदनशील दिखाई दिया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। इसी क्रम में महिला अपराधों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए क्विक रिस्पांस टीम (महिला विंग) को मौके पर भेजा गया, जिससे पीड़िताओं को तत्काल राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights