सहारनपुर में बीते मंगलवार को एक ईंट भट्ठे पर खेल रहे 5 बच्चों पर मिट्टी का ढेर गिरने से 2 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतकों की जावेद (आठ) अमिया (11) के रूप में हुई है। घायल तीनों बच्चों को सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिट्टी के ढेर में दबकर 2 बच्चों की मौत
चिलकाना थाना प्रभारी निरीक्षक सिमरन सिंह ने बताया कि यह घटना संगमोर गांव के पास हुई, जहां शामली जिले से आए मजदूर अपने परिवारों के साथ ईंट भट्ठे पर काम करते हैं और रहते हैं। उन्होंने बताया कि मिट्टी की खुदाई से बने एक गड्ढे में 5 बच्चे खेल रहे थे, तभी मिट्टी का एक बड़ा ढेर अचानक गिर गया और सभी बच्चे उसके नीचे दब गए। घटनास्थल पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत बच्चों को बचाने के लिए प्रयास शुरू किए और काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला।

मजदूरों और भट्ठा मालिक के बीच हो गया आपसी समझौता
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद बच्चों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 2 बच्चों को मृत घोषित कर दिया। सिंह ने बताया कि मजदूरों और भट्ठा मालिक के बीच आपसी समझौता हो गया है और उन्होंने इस मामले में किसी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है। पुलिस के अनुसार, भट्ठे पर काम करने वाले अधिकांश मजदूर शामली जिले के कढला क्षेत्र के हैं और वे पिछले करीब एक दशक से वहां काम कर रहे हैं। मृत बच्चों के शवों को बाद में संगमोर गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Verified by MonsterInsights