सहारनपुर जिले के थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर मोहंड रेंज के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक के बाद एक कुल 7 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक्सप्रेस-वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने वाले औपचारिक उद्घाटन की तैयारियों में जुटा था।

कैसे हुआ हादसा?
चश्मदीदों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियां अपनी पूरी गति में थीं, तभी अचानक एक वाहन अनियंत्रित हुआ और पीछे से आ रही पांच कारें एक-दूसरे से टकराती चली गईं। दहशत तब और बढ़ गई जब इन कारों के पीछे आ रहा एलपीजी सिलेंडरों से भरा एक ट्रक भी नियंत्रण खो बैठा और उसने खड़ी गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो कारें पूरी तरह पिचक गईं और कुछ वाहन एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए।

घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं। क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने क्रेन की मदद से मलबे को हटाकर यातायात को सुचारु बनाने का काम शुरू कर दिया है।  इस भयानक मंजर के बावजूद, अभी तक किसी की जान जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, जो कि एक बड़ा चमत्कार माना जा रहा है।

VIP दौरे से पहले सुरक्षा पर सवाल
यह हादसा प्रशासनिक अमले के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है, क्योंकि एक्सप्रेस-वे पर अगले दो दिन बेहद महत्वपूर्ण हैं। दरअसल, 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा प्रस्तावित है औक वहीं 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक्सप्रेस-वे का भव्य उद्घाटन होना है। उद्घाटन से ठीक पहले इतनी बड़ी चूक और सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुए इस हादसे ने अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights