गांव महमूदपुरा के सरकारी स्कूल में उस समय दहशत फैल गई जब स्कूल परिसर के अंदर ही एक आंगनवाड़ी अध्यापिका पर बेरहमी से हमला किया गया। आरोपी युवक और उसकी माँ ने न केवल अध्यापिका के साथ मारपीट की, बल्कि उसे जबरन दूसरे गाँव ले जाकर जान से मारने की धमकियाँ भी दीं। इस मामले में थाना सदर की पुलिस ने कुलविन्दर कौर की शिकायत पर गुरजोत सिंह और उसकी मां सुखविंदर कौर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयानों में कुलविंदर कौर बताया कि वह 19 मार्च को सुबह करीब 10:15 बजे स्कूल में अपनी ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान आरोपी गुरजोत सिंह अपनी माँ सुखविंदर कौर के साथ स्कूल में दाखिल हुआ। वहाँ पहुँचते ही दोनों ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते उसके साथ मारपीट करने लगे। शिकायतकर्त्ता के मुताबिक, विवाद सोने के गहनों से जुड़ा है। जब गुरजोत सिंह ने अपने दिए हुए गहनों के बारे में पूछा, तो उस ने बताया कि उसने वे गहने अपनी बहन के पास गाँव खानपुर में रखे हुए हैं।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे जबरन गांव खानपुर ले गए। वहाँ पहुँचकर फिर से उसके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकियाँ दीं और उसे वहीं खानपुर छोड़कर मौके से फरार हो गए।
