उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. महज़ 7 साल के एक मासूम बच्चे पर चोरी का आरोप लगाकर उसे मौत के मुंह में धकेलने की कोशिश की गई. बच्चे को फ्रीजर के अंदर बंद कर दिया गया. किसी तरह ग्रामीणों ने बच्चे को दबंगों से मुक्त कराया. घटना की सूचना पुलिस को दी गयी, जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस ने बच्चे को मेडिकल के लिए भेजा, जहां डॉक्टरों ने अब उसे खतरे से बाहर बताया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

क्या है पूरा मामला ?

धौलाना क्षेत्र के शेखपुर खिचरा गांव में ग्रामीणों को पता चला कि एक 7 वर्षीय बच्चे को काफी देर तक डीप फ्रीजर के अंदर बंद करके रखा गया है. ग्रामीणों ने बच्चे को उक्त दबंग लोगों के चंगुल से मुक्त कराया और घटना की जानकारी बच्चे के परिजनों और पुलिस को दी. सूचना मिलते ही बच्चे के पिता मौके पर पहुंच गए. पीड़ित बच्चे के पिता इमरान ने बताया कि आरोपी आजाद उन्हीं के गांव का रहने वाला है. उसने बेटे पर चोरी का झूठा इल्जाम लगाया और उसे उठाकर फ्रीजर में बंद कर दिया. जिससे उनका बच्चा घंटों तड़पता रहा, उसे गहरी शारीरिक और मानसिक चोट पहुंची है. पीड़ित बच्चे के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और इंसाफ की मांग की है.

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी आज़ाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है. फिलहाल, आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज किया गया है. बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया गया है ताकि उसकी स्थिति का आकलन किया जा सके. पुलिस की टीमें आरोपी आज़ाद की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं.

लेकिन सवाल यह उठता है कि आखिर समाज में इतनी संवेदनहीनता कहाँ से आ रही है कि एक छोटे से बच्चे के साथ ऐसी दरिंदगी की जाए? फिलहाल, पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights