हमीरपुर, 30 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार को शाम प्रारंभिक अर्हता परीक्षा दो पालियों में 12 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, सकुशल ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं। जिलाधिकारी अशोक कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने निष्पक्ष परीक्षा कराने के लिए खराब मौसम में भी परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करते रहे।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार ने शुक्रवार की शाम काे बताया कि परीक्षा की शुचिता एवं सुचारू संचालन के लिए जनपद में पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं थी, जिससे परीक्षा प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान कुल 5,136 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3,442 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,694 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार प्रथम पाली में ६67.02 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित तथा 32.98 प्रतिशत अनुपस्थित रहे।
इसी क्रम में द्वितीय पाली की परीक्षा में कुल 5,136 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 3,341 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 1,795 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार द्वितीय पाली में 65.05 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित तथा 34.95 प्रतिशत अनुपस्थित रहे। प्रशासनिक एवं मजिस्ट्रेट स्तर पर की गई व्यवस्थाओं के परिणामस्वरूप परीक्षा दोनों पालियों में बिना किसी बाधा के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
