हापुड़ जनपद में बहादुरगढ़ क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. यहां बरेली से लुधियाना जा रहा एक आयशर कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया. इस भीषण हादसे में 8 महीने के मासूम बच्चे और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू कर दी है. इसके साथ ही हादसे की जांच भी शुरू कर दी गयी है.

बरेली से लुधियाना जा रहा था कैंटर

जानकारी के अनुसार, आयशर कैंटर (UP 24 T 5723) बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के ग्राम सकतीया सिंगवाली से लुधियाना, पंजाब के लिए रवाना हुआ था. कैंटर में एक न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर और स्प्लेंडर बाइक लदी हुई थी. जैसे ही कैंटर गंगा एक्सप्रेसवे पर सदरपुर टोल प्लाजा से करीब 4 किलोमीटर आगे जखैडा रहमतपुर के पास पहुंचा, तभी अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया. रफ्तार तेज होने के कारण कैंटर सीधे डिवाइडर से जा टकराया और पलट गया.

घायलों का इलाज जारी

इस दर्दनाक हादसे में कैंटर में सवार पांच लोगों में से तीन की जान चली गई. मृतकों की पहचान अभिजीत उम्र 8 माह, श्रीदेवी उम्र 28 वर्ष पत्नी अभिषेक, सावित्री देवी उम्र 32 वर्ष पत्नी लालाराम के रूप में हुई है. हादसे में लालाराम (35 वर्ष) और अभिषेक (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

हादसे की जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही 112 पुलिस, बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव, सिंभावली थाना प्रभारी सुरेश कुमार और सीओ गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कैंटर में दबे शवों को बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

फिलहाल हादसे के सटीक कारणों की जांच पुलिस कर रही है, लेकिन शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को ही मुख्य वजह माना जा रहा है. इस घटना के बाद मृतकों के गांव सकतीया सिंगवाली में शोक की लहर दौड़ गई है.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights