उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर हमला करते हुए मंगलवार को कहा कि साल 2017 से पहले राज्य के लोग ‘माफिया’ और ‘मच्छरों’ से परेशान थे। मुख्यमंत्री ने कहा, “वर्ष 2017 से पहले गोरखपुर की छवि कैसी थी। सुरक्षा की कमी थी। लोग माफिया और मच्छरों से परेशान थे। लोग गोरखपुर का नाम सुनने से भी डरते थे, और कोई निवेश करने नहीं आता था। यहां के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। उन्हें नौकरियों के लिए भटकना पड़ता था और अपनी पहचान छुपानी पड़ती थी।

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के तारामंडल इलाके में दो-लेन के पुल का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, “आज, नौजवानों न तो भटकना पड़ता है और न ही अपनी पहचान छुपानी पड़ती है। अकेले गोरखपुर में ही, गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण में उद्योगों के माध्यम से 50 हजार से अधिक युवाओं को नौकरियां और रोजगार मिला है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक 112 मीटर लंबा यह पुल गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा 14.33 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। यह तारामंडल इलाके के दो हिस्सों को जोड़ता है। तारामंडल इलाके का ज़िक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ और सुविधाओं की कमी के कारण लोग कभी वहाँ बसने से हिचकिचाते थे। उन्होंने कहा, “आज, यह शहर के सबसे विकसित और महंगे आवासीय इलाकों में से एक के रूप में उभरा है,” और साथ ही यह भी जोड़ा कि यह पुल आंतरिक कनेक्टिविटी को और मज़बूत करेगा।

सांसद रवि किशन ने कहा कि गोरखपुर नियोजित शहरी विकास का एक मॉडल बन गया है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पुल निर्माण में लगे मजदूरों से भी बातचीत की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights