cyber-fraud-victims-money-reco

औरैया, 05 मई । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत औरैया पुलिस को अहम सफलता मिली है। इसी क्रम में साइबर सेल/साइबर क्राइम थाना की टीम ने ठगी के शिकार पीड़ितों की कुल 1,28,030 रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में मंगलवार वापस कराई गई है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल साइबर क्राइम) के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम के निर्देशन में की गई। साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में पीड़ितों से प्राप्त शिकायतों पर काम किया और संबंधित बैंकिंग व डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से समन्वय स्थापित कर रकम को सुरक्षित कराया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साइबर ठगी के मामलों में समय रहते सूचना देना बेहद जरूरी होता है। त्वरित शिकायत मिलने पर ही धनराशि को ट्रेस कर उसे वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है। इसी क्रम में साइबर टीम ने लगातार प्रयास करते हुए पीड़ितों को राहत पहुंचाई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या लालच भरे ऑफर के झांसे में न आएं और अपनी बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी साइबर थाना/पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ितों को न केवल आर्थिक राहत मिली है, बल्कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश भी गया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights