शामली पुलिस ने युवक की हत्याकांड खुलासा कर दिया है, पुलिस ने हत्याकांड में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने गिफ्तार आरोपी के कब्ज से हत्या की वारदात में प्रयुक्त तमंचा, दो कारतूस और बाइक बरामद कर लिया है. यह मामला शामली के थाना कांधला क्षेत्र का बताया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, शामली के थाना कांधला क्षेत्र के गांव खंद्रावली निवासी आशु की हत्या का पुलिस ने देर रात खुलासा करते हुए एक आरोपी आकाश कुमार निवासी मोहल्ला गडरियान कस्बा शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा, दो कारतूस व बाइक बरामद की है.
एक ही युवती से प्यार करते थे आरोपी और मृतक
एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, आरोपी आकाश ने पुलिस पूछताछ में बताया कि आशु अपने गांव की युवती से प्रेम करता था. युवती की बुआ के लड़के का दोस्त शंकर जो मोहल्ला गडरियान शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर का रहने का रहने वाला है, वह भी उसी युवती से प्रेम करता था.
दोस्त के साथ मिलकर की गोली मारकर हत्या
एसपी ने बताया कि आशु और शंकर एक दूसरे से पूर्व से परिचित थे. प्रेम प्रसंग को लेकर कुछ माह पहले आशु ने शंकर की पिटाई कर दी थी. शंकर ने आशु से इसी बदला लेने के लिए अपने दोस्त आकाश के साथ मिलकर आशु की गोली मारकर हत्या कर दी. एसपी ने बताया कि आशु जब शामली से बाइक से चला था, तभी से वे उसके पीछे लगे थे. खंद्रावली मोड़ पर बाग के पास जाकर दोनों आरोपियों ने आशु को रोक लिया और तमंचे से सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर मौके से भाग गए है.
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
एसपी ने कहा कि दूसरे आरोपी शंकर की तलाश में पुलिस टीमें लगी, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. विदित हो कि आशु का शव बुधवार रात को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर मिला था. पुलिस पहले इसे हादसे में मौत होना मान रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली मारकर हत्या करने का खुलासा हुआ था.
