संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग, पड़ोसियों ने पानी डालकर बुझाने का किया प्रयास, पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से मांगा मुआवजा
कांधला (वासु धीमान)। कस्बे के बुढ़ाना मार्ग स्थित बाइक स्पेयर पार्ट्स की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की घटना से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान निवासी साजिद सिद्दीकी पुत्र हाजी मकसूद की बुढ़ाना स्टैंड पर बाइक स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। इसी दुकान से उनके परिवार का पालन-पोषण होता है। बताया गया कि दुकान में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा बाइक के स्पेयर पार्ट्स सहित अन्य सामान जलने लगा।
आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो चुका था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर उचित मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है।
