-----------------

देहरादून, 18 अगस्त । उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को चुनावी दृष्टि से और अधिक सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में गढ़वाल संभाग की सांसद-विधायक बैठक आयोजित की गई, जिसमें टिहरी, गढ़वाल और हरिद्वार के सांसदों, विधायकों और जिलाध्यक्षों के साथ विधानसभा स्तर के राजनीतिक एवं संगठनात्मक समीकरणों पर विस्तृत मंथन किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में हुई बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठनात्मक तैयारियों, सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने, जनप्रतिनिधियों और संगठन के बीच समन्वय मजबूत करने और कमजोर विधानसभा क्षेत्रों के लिए विशेष रणनीति तैयार करने पर चर्चा हुई।

बैठक में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, विकास कार्यों, सामाजिक समीकरणों और संगठन की स्थिति की समीक्षा की गई। पार्टी नेतृत्व ने विधायकों और जिलाध्यक्षों से उनके क्षेत्रों का फीडबैक लिया और आगामी समय में किए जाने वाले कार्यक्रमों और अभियानों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा लगातार चरणबद्ध तरीके से संगठन के विभिन्न स्तरों के साथ बैठकें कर रही है। इससे पहले नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों, जिला पंचायत अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों, मंडल अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठकें की गई हैं। इसी क्रम में संसदीय क्षेत्रों के अनुसार सांसदों और विधायकों के साथ चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि बैठकों के माध्यम से मिले फीडबैक के आधार पर पार्टी की आगामी कार्ययोजना तैयार की जा रही है और आने वाले समय में इन योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे, इसमें संगठन और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

धामी ने मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति को देखते हुए कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाना चाहिए।

सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों पर हुई चर्चा : भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि गढ़वाल संभाग की तीनों लोकसभाओं की बैठक में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की गई। इससे पहले कुमाऊं संभाग में भी संसदीय क्षेत्रवार सांसदों और विधायकों के साथ बैठकें हो चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों को लेकर पार्टी ने विस्तृत मंथन किया है। प्रत्येक विधानसभा में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए किन कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाए, विधायकों का विधानसभा क्षेत्र में प्रवास किस प्रकार बढ़ाया जाए और सरकार से क्षेत्र के विकास के लिए किन कार्यों को कराया जा सकता है, इन सभी विषयों पर चर्चा हुई।

महेंद्र भट्ट ने बताया कि युवाओं, महिलाओं और पूर्व सैनिकों से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा और उनके आयोजन को लेकर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया। विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों, जनता से जुड़े मुद्दों और संगठन की स्थिति की जानकारी प्रदेश नेतृत्व को दी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय चुनावी तैयारियों के साथ-साथ जनता के हित में भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि विधायकों को कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और संगठन के सभी स्तरों पर समन्वय को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। मंडल स्तर के पदाधिकारियों और प्रदेश स्तर के संबंधित पदाधिकारियों के साथ विधायकों की सामूहिक बैठकें भी जल्द आयोजित की जाएंगी।

कमजोर सीटों पर भी विशेष रणनीति

भाजपा की हारी हुई और कमजोर विधानसभा सीटों को लेकर भट्ट ने कहा कि पार्टी ने किसी भी सीट को नजरअंदाज नहीं किया है। सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों पर मंथन किया गया है और प्रत्येक सीट के लिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनावी तैयारी तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाना भी प्राथमिकता है।

भाजपा जनता से फीडबैक लेकर तैयार करेगी घोषणापत्र प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा अपनी निर्धारित संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत घोषणापत्र तैयार करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता से फीडबैक लेकर यह तय कर रही है कि आगामी घोषणापत्र में किन विषयों को शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां घोषणापत्र समितियां पहले भी बनती रही हैं, लेकिन उनका प्रभाव जनता पर दिखाई नहीं देता। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने घोषणापत्र को संगठनात्मक प्रक्रिया और जनता के सुझावों के आधार पर तैयार करेगी तथा उसमें शामिल किए जाने वाले विषयों पर भी पार्टी के भीतर चर्चा चल रही है।

विकास कार्यों के आधार पर चुनाव मैदान में उतरेगी भाजपा : बलूनी

गढ़वाल से सांसद और भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मीडिया संयोजक अनिल बलूनी ने कहा कि पार्टी आगामी चुनाव में विकास को अपनी चुनावी रणनीति का प्रमुख आधार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले करीब दस वर्षों में उत्तराखंड में हुए विकास कार्य और सरकार का ट्रैक रिकॉर्ड जनता के सामने है।

बलूनी ने कहा कि पिछली बार चुनाव में जो कमियां रह गई थीं, उन्हें इस बार दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव की तैयारी विकास आधारित दृष्टिकोण के साथ कर रही है और पिछले वर्षों में किए गए कार्यों के आधार पर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास को लेकर पार्टी का स्पष्ट दृष्टिकोण है और इसी दिशा में आगे भी काम किया जाएगा। बलूनी ने विश्वास जताया कि सरकार के कामकाज के आधार पर प्रदेश की जनता आगामी चुनाव में भाजपा को फिर समर्थन देगी।

हरिद्वार से भाजपा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी पहले से अधिक मेहनत करेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही के लिए कोई जगह नहीं है और संगठन को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा।

उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले विधानसभा चुनाव में हरिद्वार क्षेत्र में भाजपा अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी थी, लेकिन उन्होंने दावा किया कि इस बार पार्टी अपनी स्थिति में सुधार करेगी और हरिद्वार में पिछली बार की तुलना में अधिक विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

बैठक में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, कुंदन परिहार और तरुण बंसल समेत सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी और अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights